मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना : औरैया जनपद में खुला सेंटर, अभ्यर्थियों से मांगे जा रहे आवेदन
- औरैया में तिलक महाविद्यालय में खुला सेंटर, 15 जून तक भरे जाएंगे फॉर्म
औरैया, 07 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राएं 'मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना' के तहत औरैया जनपद में सेंटर खुल गया है। निःशुल्क कोचिंग के लिए 15 जून तक आवेदन कर सकते है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह से आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि ने बताया कि छात्र 15 जून 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे के बीच तिलक महाविद्यालय, औरैया में बने कोचिंग सेंटर पर जाकर फॉर्म ले सकते हैं और वहीं जमा भी कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र अभ्युदय पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
कोर्सेस के लिए पात्रता
- सिविल सेवा और यूपीएसएसएससी: इसके लिए छात्र का ग्रेजुएट (स्नातक) होना या ग्रेजुएशन के आखिरी साल में होना जरूरी है।
- एनडीए, बैंकिंग, एसएससी, रेलवे और यूपी पुलिस: इसके लिए संबंधित परीक्षा के नियमों के अनुसार शैक्षिक योग्यता होनी चाहिए।
- नीट और जेईई: विज्ञान वर्ग से कक्षा 11 या 12 में पढ़ रहे या पास कर चुके छात्र इसके लिए पात्र होंगे।
प्रशासन की तरफ से साफ किया गया है कि कोचिंग सेंटर पर किसी भी कोर्स को चलाने के लिए कम से कम 30 छात्रों का होना जरूरी है। यदि रिजल्ट के बाद किसी कोर्स में छात्रों की संख्या 30 से कम रहती है, तो उस कोर्स का संचालन नहीं किया जाएगा। कक्षाएं एक जुलाई से शुरु हाेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

