home page

सामूहिक विवाह में 265 जोड़े बने एक-दूजे के जीवनसाथी, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

 | 
सामूहिक विवाह में 265 जोड़े बने एक-दूजे के जीवनसाथी, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को विकास खंड सिटी अंतर्गत चंदईपुर खेल मैदान में भव्य मेगा इवेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास खंडों एवं निकाय क्षेत्रों से आए कुल 265 जोड़ों का सामूहिक विवाह सकुशल सम्पन्न कराया गया।

इस दौरान अनुसूचित जाति के 175, अनुसूचित जनजाति के 2, अन्य पिछड़ा वर्ग के 81, सामान्य वर्ग के 3 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 4 जोड़ों ने सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। विवाह समारोह पूरे विधि-विधान और पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ।

कार्यक्रम में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नव दम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर वर-वधुओं को उपहार सामग्री एवं प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

विधायकों ने अपने सम्बोधन में कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना ऐसे परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है, जो आर्थिक अभाव के कारण अपनी पुत्रियों का विवाह करने में असमर्थ होते हैं। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं। इसके अलावा 25 हजार रुपये की सामग्री जैसे कपड़े, बिछिया, पायल और बर्तन दिए जाते हैं। वहीं आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 15 हजार रुपये प्रति विवाह खर्च किए जाते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में प्रशासन की अहम भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा