home page

उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्चपैड बनेगा जेवर एयरपोर्टः योगी आदित्यनाथ

 | 
उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्चपैड बनेगा जेवर एयरपोर्टः योगी आदित्यनाथ


नोएडा, 28 मार्च (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की उड़ान को नई ऊंचाई प्रदान करने वाला यह समारोह प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज अपनी पहचान का नया उद्घोष कर रहा है कि जब संकल्प मजबूत, साहस अडिग व आत्मविश्वास अटल हो, तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं रह सकता। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा संकल्प को सिद्धि में बदलने का परिणाम है। इसका रनवे न केवल यूपी की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई तक ले जाने का आधार बनेगा, बल्कि उत्तर प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का लॉन्चपैड भी बनेगा। यह एयरपोर्ट उत्तर भारत के निवेश, व्यापार व औद्योगिक विकास को नई ऊंचाई तक पहुंचाते हुए व्यापक रोजगार सृजन भी करेगा।

उन्होने कहा कि यह एयरपोर्ट विकास की नई ऊंचाइयों के साथ जनता को राहत दिलाने वाला है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 11-12 वर्षों में नए भारत को विकसित भारत की दिशा में बढ़ाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में कदम बढ़ाए हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट इसी श्रृंखला का हिस्सा है। आज प्रधानमंत्री मोदी के करकमलों से नवनिर्माण की नई इकाई का लोकार्पण हो रहा है। यह नवसृजन उत्तर प्रदेश को ग्लोबल एविएशन मैप पर नए सिरे से प्रस्तुत करने का कार्य कर रहा है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की संकल्पना देशवासियों को दी है। आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश, विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर आज की आवश्यकता है। अभी एक रनवे प्रारंभ हो रहा है। कुछ वर्षों में एयरपोर्ट के पांच रनवे संचालित होंगे तो यह खुद को ग्लोबल एयरपोर्ट के रूप में स्थापित करने में सफल होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच और उनके ‘देश प्रथम’ भाव के साथ 11-12 वर्षों में नए भारत की कार्ययोजना हमें देखने को मिल रही है। रामनवमी पर देश में उत्सव व उत्साह का माहौल था, जबकि दुनिया में अव्यवस्था, अराजकता और संशय की स्थिति है। अमेरिका जैसे विकसित देश में पेट्रोलियम उत्पादों के दाम आसमान छूते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन भारत में दाम नियंत्रित है। इनकी आपूर्ति सुगम बनाई गई है। भारत के पड़ोस में जितने भी देश हैं, वहां भी पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं और उनका अभाव भी है। वहां अव्यवस्था का माहौल है। उन्हें कार्यावधि घटाने के साथ उत्पादन रोकना पड़ा है। जनता में कोटा सिस्टम लागू करना पड़ा है लेकिन भारत में निर्बाध रूप से पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बनाए रखने के साथ ही दाम को नियंत्रित रखा गया है। कल पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, उसके लिए 25 करोड़ प्रदेशवासियों की तरफ से मैं पीएम मोदी को कृतज्ञता ज्ञापित करता हूं।

योगी ने कांग्रेस व सपा जैसे दलों पर भी निशाना साधा। उन्हाेंने कहा कि अपने नकारेपन के कारण इन्होंने देश व प्रदेश को विकास के बॉटलनेक के रूप में छोड़ दिया था। 2002 से 2017 तक यूपी अराजकता-अव्यवस्था का शिकार रहा। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश ने 12 वर्षों और प्रदेश ने नाै वर्षों में जो स्पीड पकड़ी है, उसने बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू के रूप में नई पहचान प्रस्तुत की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डेडिकेटेड मल्टीमाॅडल कार्गो हब का निर्माण होने से उत्तर प्रदेश अब लैंडलॉक्ड की लिमिटेशन से बाहर निकलकर लैंडमार्क ग्रोथ के साथ वैश्विक बाजार तक अपनी पहुंच को आसान बनाने में सफल होगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट व इसकी सुविधाएं यूपी के पोटेंशियल को नई ऊंचाई तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने मार्गदर्शन दिया है कि जो भी करना है, बड़ा करना है और बड़ा सोचना है और बड़ा बनने की दिशा में अग्रसर होना है। इस एयरपोर्ट के निर्माण की दिशा में ज्यूरिख इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने भी अपनी भूमिका का निर्वहन किया है।

मुख्यमंत्री ने उद्घाटन समारोह में अन्नदाता किसानों के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पहले यहां तमाम आंदोलन चलते थे लेकिन किसानों से संवाद बनाया गया। उन्हें समयबद्ध मुआवजा व पुनर्वास के साथ जोड़ा गया तो किसानों ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए 13 हजार एकड़ लैंड का योगदान दिया। किसानों ने पूरी प्रक्रिया में सकारात्मक योगदान दिया और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकास के कार्यक्रम को बढ़ाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी