home page

गाेरखपुर काे ईको पार्क सहित 470 विकास परियोजनाओं की मिलेगी सौगात

 | 
गाेरखपुर काे ईको पार्क सहित 470 विकास परियोजनाओं की मिलेगी सौगात


गोरखपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ गुरुवार (23 अप्रैल) को गोरखपुर को ईको पार्क सहित 470 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। करीब 1054 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें ईको पार्क के सामने सड़क सहित 173 विकास कार्यों का लोकार्पण और सीएम ग्रिड के तहत छह स्मार्ट सडकों समेत 297 कार्यों का शिलान्यास शामिल है।

लोकार्पण और शिलान्यास के लिए समारोह का आयोजन एकला बांध पर विकसित और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों जनता को समर्पित होने जा रहे ईको पार्क में होगा। यह पार्क जहां बनाया गया है, वहां कभी कूड़े का पहाड़ हुआ करता था। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने बथाया कि नगर निगम ने 2.26 लाख मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक विधि से निस्तारण करने के बाद कूड़ा मुक्त हुई 40 एकड़ भूमि को ईको पार्क के रूप में विकसित किया गया है। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत ईको पार्क बनाने में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत आई है। उन्हाेंने बताया कि ईको पार्क में वाकिंग ट्रैक और फुटपाथ बनाए गए हैं, जहां लोग सुबह और शाम सैर कर सकेंगे। योग और ध्यान के लिए अलग स्थान हैं। बच्चों के लिए भी सुरक्षित किड्स जोन का विकास किया गया है।

मुख्यमंत्री, गुरुवार को ही एकला बंधा पर 8.35 करोड़ रुपये की लागत से कराए गए सड़क चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य, राजघाट पुल से कारकस प्लांट तक 7.71 करोड़ रुपये से कराए गए सड़क सुधार कार्य का भी लोकार्पण करेंगे। 304.68 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पित होने वाले 173 कार्यों में विभिन्न वार्डों में सड़क व नाली निर्माण के 87 कार्य (लागत 95.77 करोड़ रुपये), जल निकासी के लिए नाला निर्माण के 83 कार्य (लागतन 129.85 करोड़ रुपये) तथा 58 करोड़ रुपये के महापौर/पार्षद वरीयता कार्य शामिल हैं।

समारोह स्थल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सीएम ग्रिड (चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट) योजना के तहत स्मार्ट सड़कों के विस्तार को भी गतिमान करेंगे। वह सीएम ग्रिड के तहत स्मार्ट बनने जा रही छह सड़कों से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। सीएम ग्रिड तृतीय चरण में 45.68 करोड़ रुपये से गणेश चौक से विश्वविद्यालय चौक एवं अलंकार ज्वेलर्स से एचपी स्कूल, डीएम आवास होते हुए हरिओम नगर तिराहा तक, 23.43 करोड़ रुपये से स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से जायसवाल मार्ट होते हुए पुलिया तक तथा 21.60 करोड़ रुपये से कचहरी चौक से शास्त्री चौक होते हुए बेतियाहाता चौक सड़क को स्मार्ट बनाया जाएगा। जबकि तृतीय अनुपूरक चरण में 63.94 करोड़ रुपये की लागत से बेतियाहाता चौक से अलहदादपुर तिराहा, टीडीएम तिराहा से टीपीनगर तक एवं रैन बसेरा रोड से एनएच 28 तक, 62.94 करोड़ रुपये से टीडीएम तिराहा से पांडेय हाता पुलिस चौकी होते हुए बर्फखाना रोड से हाबर्ट बंधा तक और 25.45 करोड़ रुपये से अलहदादपुर तिराहा से रायगंज होते हुए घंटाघर तक सड़क का कायाकल्प किया जाएगा।

शिलान्यास की अन्य प्रमुख परियोजनाएं

-उपवन योजना के तहत तीन पार्कों का सौंदर्यीकरण, लागत 6.44 करोड़ रुपये।

-विभिन्न वार्डों में जलनिकासी के लिए नाला निर्माण के 83 कार्य, लागत 107.44 करोड़ रुपये।

-गुलरिहा थाने से चिलुआताल तक आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन निर्माण, लागत 123.81 करोड़ रुपये।

-विभिन्न वार्डों में ग्रीन बेल्ट एवं मिनी फॉरेस्टेशन के कार्य, लागत 35.01 करोड़ रुपये।

स्वच्छ स्कूल अभियान का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री

ईको पार्क एवं फोरलेन सड़क के लोकार्पण अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वच्छ स्कूल अभियान का भी शुभारंभ करेंगे। यह अभियान, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत सिटी लीडरशिप का विशेष कार्यक्रम है। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव का कहना है कि स्वच्छ स्कूल अभियान केवल स्वच्छता का कार्यक्रम मात्र नहीं है बल्कि यह आने वाली पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनाने का भी माध्यम है। स्वच्छ स्कूल अभियान के जरिये स्थायी व्यवहार परिवर्तन के उद्देश्य से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता एवं सफाई, रिड्यूस, रियूज, रिसाइकिल, मासिक धर्म स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इस अभियान में विद्यार्थियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए वार्ड, जोन और नगर स्तर पर वेस्ट टू आर्ट, निबंध, क्विज, रील्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम के तहत स्कूल स्टार रेटिंग प्रणाली के माध्यम से स्कूलों को 1 स्टार, 3 स्टार या 5 स्टार स्वच्छ स्कूल का दर्जा प्रदान किया जाएगा। इसके मूल्यांकन के लिए तृतीय पक्ष से आकलन कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय