home page

मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता श्रेणी में कई जन जातियां शामिल, मिलेगा लाभ : केशव प्रसाद मौर्य

 | 
मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता श्रेणी में कई जन जातियां शामिल, मिलेगा लाभ : केशव प्रसाद मौर्य


-प्राथमिकता श्रेणी में भोंटिया, जौनसारी, राजी, गोंड, खरवार, परहिया,पंख, अगरिया, पटारी व भुइंया जातियों को किया गया शामिल

लखनऊ 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण परियोजना में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग, असहाय और बेसहारा का सामाजिक जीवन और स्तर बेहतर व विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए संकल्पित है।

इसी क्रम में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत भोंटिया, जौनसारी, राजी, गोंड तथा इसकी पर्याय धुरिया, ओझा, नायक, पठारी, राजगोंड (उप्र के जनपद महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, कुशीनगर, भदोही तथा सन्तकबीरनगर), खरवार, खैरवार (देवरिया, बलिया, गाजीपुर, वाराणसी एवं सोनभद्र जिला में), पराहिया (सोनभद्र जिले में), पंखा, पनिका(सोनभद्र एवं मिर्जापुर जिले में), अगरिया(सोनभद्र जिले में) पटारी (सोनभद्र जिले में) तथा भुइंया, भुनिया (सोनभद्र जिले में) जातियों (अनुसूचित जनजातियों) को भी उनकी सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति के दृष्टिगत मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता की प्राथमिकता श्रेणी में शामिल कर लिया गया है।

श्री मौर्य ने बताया कि उनके प्रदेश में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों के भ्रमण के दौरान यह मामला प्रकाश में आया कि मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की पात्रता सूची में उपरोक्त जातियां शामिल नहीं है। इन जातियों के कतिपय पात्र लोगों द्वारा फील्ड भ्रमण के दौरान आवास आवंटन की मांग की गयी। उप मुख्यमंत्री ने इसे संज्ञान में लिया और इस सम्बन्ध में गहन विचार विमर्श के बाद उपरोक्त जातियों को भी सभी औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्राथमिकता श्रेणी में शामिल कराने का निर्णय लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा