home page

सीएम हेल्पलाइन कर्मियों के प्रदर्शन पर यूपीडेस्को ने वी विन कंपनी को जारी की नोटिस

 | 
सीएम हेल्पलाइन कर्मियों के प्रदर्शन पर यूपीडेस्को ने वी विन कंपनी को जारी की नोटिस


-एजेंसी को भेजा नोटिस, वेतन व अन्य सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश

लखनऊ, 02 अप्रैल (हि.स.)। वी विन प्रा. लिमिटेड कंपनी के कर्मचारियों की मांगों पर उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीडेस्को) ने तत्काल कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपीडेस्को की एमडी नेहा जैन ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यूपीडेस्को ने कर्मचारियों का वेतन एवं अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश भी दिए हैं।

नोटिस में एजेंसी से स्पष्ट कहा गया है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 एक अत्यंत महत्वपूर्ण जनसेवा परियोजना है। इसमें किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है। इसके संचालन में किसी भी प्रकार की चूक गंभीर लापरवाही मानी जाएगी। यूपीडेस्को ने एजेंसी को निर्देशित किया है कि वह तत्काल कर्मचारियों का वेतन व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करे और हेल्पलाइन की सेवाओं को पूर्ण क्षमता के साथ संचालित करे। इस संबंध में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी से पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

नेहा जैन ने बताया कि “इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। इस संबंध में कॉल सेंटर एजेंसी वी विन प्रा. लिमिटेड को भेजे गए नोटिस में यूपीडेस्को ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के कर्मचारियों को निर्धारित वेतन व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर एजेंसी के खिलाफ आवश्यक कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

उल्लेखनीय है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के कर्मचारियों ने आज गुरुवार को लखनऊ के 1090 चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों ने नियमित वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाया था। कर्मचारियों ने आरोप लगाया था कि उन्हें निर्धारित वेतन नहीं दिया जा रहा है। साथ ही निर्धारित वेतन को भी बढ़ाने की मांग उठाई थी। शासन ने संज्ञान लेकर इस पर त्वरित कार्रवाई की है।

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला