home page

मीरजापुर में शहनाइयों की गूंज के बीच 295 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

 | 
मीरजापुर में शहनाइयों की गूंज के बीच 295 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ


- नवोदय मैदान में सजा सामूहिक विवाह समारोह, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद

मीरजापुर, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के पटेहरा विकासखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के खेल मैदान में गुरुवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजन हुआ। मंत्रोच्चार और शहनाइयों के बीच 295 जोड़े सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंध गए। समारोह में दूल्हा-दुल्हन पक्ष के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पटेहरा, राजगढ़, नरायनपुर, सीखड़, हलिया, लालगंज, जमालपुर सहित नगर पालिका चुनार और अहरौरा क्षेत्र के जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें अनुसूचित जाति के 233, अनुसूचित जनजाति का एक, अन्य पिछड़ा वर्ग के 55, सामान्य वर्ग के दो तथा अल्पसंख्यक वर्ग के चार जोड़े शामिल रहे।

समारोह में पहुंचे मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवा विधायक सूचिष्मता मौर्य, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन जगदीश सिंह पटेल और प्रमुख राजगढ़ गजेंद्र पटेल ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

योजना के तहत मिल रही आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजे जाते हैं। वहीं 25 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है तथा 15 हजार रुपये टेंट, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। कार्यक्रम में अधिकारियों ने लाभार्थियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा