home page

बापू के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : योगी आदित्यनाथ

 | 
बापू के सपनों को साकार कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : योगी आदित्यनाथ


-मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया पुष्पार्चन

-आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे बापू के आदर्श, सादगी और विचार : मुख्यमंत्री

लखनऊ, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती पर उनके प्रति श्रद्धा निवेदित की। मुख्यमंत्री ने जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने 'रघुपति राघव राजा राम', 'वह शक्ति हमें दो दयानिधे', 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' आदि भजनों/गीतों पर संगीतमयी प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने भजनों का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू ने जो सपना देखा था, नया भारत आज उसी सपने को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से लगा हुआ है।

मुख्यमंत्री ने दी 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामना

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर प्रदेशवासियों को 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर संपूर्ण विश्व को स्वदेशी व अहिंसा के माध्यम से स्वाधीनता का संदेश देने वाले, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पावन जयंती पर कोटिश: नमन।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू के आदर्श, सादगी और विचार आज भी हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को नेतृत्व देकर जनांदोलन में बदलने का काम किया।आंदोलन को जनांदोलन बनाने को लेकर उनके मंत्र आज भी प्रासंगिक हैं।

हर नागरिक स्वदेशी और स्वच्छता, स्वावलंबन को अपने जीवन का मंत्र बनाये, इसके लिए बापू के उस समय के वचन आज भी एक मंत्र के रूप में काम कर रहे हैं। जिस देश मे हताशा, निराशा थी, बापू के मार्गदर्शन में ही वह निराशा हताशा से निकल कर भारतीय समाज उत्साह के साथ आंदोलन का हिस्सा बन गया।

यह चंद नगरों तक नहीं, बल्कि हर गांव पहुंचा, हर नर, नारी, बच्चे इस अभियान का हिस्सा बने। बापू ने स्वाधीनता के रूप में जो संकल्प लिया था, आज उसी सपने को स्वतंत्र भारत मे प्रधानमंत्री मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान को पूज्य बापू के सपने को लागू किया। यह स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत की आधारशिला बनी। साथ ही नारी गरिमा का पाठ भी पढ़ाया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम गांधी आश्रम के कपड़ों को बचपन मे बड़ी उत्सुकता से देखते थे। यह चरखा केवल चरखा नहीं, बल्कि भारत के स्वावलंबन आत्मनिर्भरता का आधार है।ग्राम स्वराज की जो परिकल्पना बापू ने की थी, बड़े- बड़े दावे होते थे, सच्चाई क्या थी, हमने गांव को उपेक्षित छोड़ दिया।

आज बापू के सपने को साकार करते हुए गांव भी स्वावलम्बन का आधार बनेगा, इसके लिए सरकार ने हर गांव में ग्राम सचिवालय का गठन किया है। ग्राम सचिवालय के माध्यम से चार से सात लोगों को गांव में ही रोजगार की सुविधा प्राप्त हो रही है। योगी ने कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान का भाव रखकर कृतज्ञता ज्ञापित करेगा, भावी पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा, उसका भविष्य अवश्य उज्ज्वल होगा। नया भारत आज उसी सपने को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से लगा हुआ है।

पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, डॉ. नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी, अमरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला