मुख्यमंत्री योगी ने 481 चयनित अभ्यर्थियों को दिये नियुक्ति पत्र
-मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुई भर्ती
लखनऊ, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा विभाग एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण के विभाग के नव चयनित 481 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र दिए। उप्र लोक सेवा आयोग तथा उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयुष विभाग के लिए चयनित 202 प्रोफेसर/रीडर/चिकित्साधिकारी/स्टॉफ नर्स एवं उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से व्यावसायिक शिक्षा विभाग के लिए चयनित 272 अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया गया। वहीं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के लिए चयनित 07 नर्स/हास्टल वार्डन/कंपाउंडर को नियुक्ति पत्र दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपने देखा होगा कि भर्ती की पूरी प्रक्रिया में किसी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ी होगी। आयुष में वेरिफिकेशन में थोड़ा समय जरूर लगा है। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की कोई गुंजाइश हीं थी। नीति और नियत साफ हो तो परिणाम बेहतर होता है। आज उसी परिणाम के तहत यह नियुक्ति पत्र वितरित किया जा रहा है। मुझे प्रसन्नता है कि पिछले नौ वर्षों में हमारी सरकार ने नियुक्ति पत्र वितरण करने में कीर्तिमान स्थापित किया है। पहले कोई सोच नहीं सकता था कि यूपी में इतनी सहजता और सरलता से नियुक्ति पत्र दिया जा सकेगा। पिछले 15 दिन के अंदर यह हमारा चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है।
सरकार की भी कुछ अपेक्षाएं होती है। जब योग्य एवं प्रतिभाशाली युवा शामिल होते हैं तो उस व्यवस्था मे गति आती है। गति जितनी अच्छी होगी प्रगति उतनी तीव्र दिखाई देगी। पहले पैसा लेकर भर्ती की जाती थी। जाति, मत, मजहब, क्षेत्र देखकर भर्तियां होती थीं। नौजवान पलायन करता था। यूपी की प्रगति बाधित होती थी। उप्र बीमारू राज्य के रूप में खड़ा हो गया था। यहां के हर नागरिक की पहचान का संकट था। देश दुनिया में कहीं भी जाइए, लोग पहचानना नहीं चाहते थे। आज मुझे प्रसन्नता है, देश दुनिया में कहीं चले जाइए, यूपी का नाम आते ही सामने वाले का चेहरा चमकता दिखाई देता है। अर्थव्यवस्था, यूपी का बजट और प्रति व्यक्ति आय तीन गुना हो गयी है। अब हमें कोई बीमारू राज्य नहीं कहता। यूपी देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना हुआ है। यपी के अंदर हर क्षेत्र में प्रगति दिखाई दे रही है। इस मौके पर कौशल विकास विभाग के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा दयालु समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप शुक्ला

