home page

स्वच्छता रैली से गांव में गूंजी जागरूकता की आवाज, एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

 | 
स्वच्छता रैली से गांव में गूंजी जागरूकता की आवाज, एनएसएस शिविर में विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश


मीरजापुर, 13 मार्च (हि.स.)। जीडी बिनानी पीजी कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन शुक्रवार को स्वयंसेवकों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकालकर संदेश दिया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने गांव में भ्रमण करते हुए स्वच्छता से जुड़े नारे लगाकर लोगों को साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया।

शिविर की पहली पाली में स्वयंसेवक और स्वयंसेविकाओं ने चयनित गांव में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान छात्र-छात्राएं “सभी रोगों की एक दवाई, घर में रखो साफ-सफाई”, “स्वच्छता को अपनाना है, बीमारी को दूर भगाना है” जैसे नारों के साथ लोगों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित करते रहे। गांव में भ्रमण के बाद रैली पुनः शिविर स्थल पर आकर समाप्त हुई।

दूसरी पाली में आयोजित बौद्धिक सत्र में राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. ध्रुव जी पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि साफ-सफाई न केवल स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी भी है।

इसी दौरान महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक प्रोफेसर रविंद्र कुमार गौतम ने शिविर स्थल का औचक निरीक्षण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सात दिनों के इस शिविर में अनुशासन, सेवा और सहयोग की भावना के साथ कार्य करते हुए अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह ने की। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार तिवारी ने किया, जबकि आभार कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम मोहन अस्थाना ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. वसीम अकरम अंसारी, डॉ. अभिषेक कुमार मौर्य, डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, प्रोफेसर राजमोहन शर्मा, डॉ. अवधेश कुमार शुक्ला, भरत राज, राजीव कुमार सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा