वाराणसी में आदिविशेश्वर की गलियों में चला एक दिन एक मोहल्ला सफाई अभियान
वाराणसी, 17 मार्च (हि. स.)। वाराणसी के शहर दक्षिणी में विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने एक दिन एक मोहल्ला सफाई अभियान आरंभ किया है। मंगलवार को वाराणसी के दक्षिणी विधानसभा में वार्ड आदिविशेश्वर की गलियों में सफाई अभियान के अंतर्गत सेवा सदन हॉस्पिटल वाली गली, रामप्यारी रस्तोगी विद्यालय वाली गली, भार्गव कटरा की गली, धोबीयाना गली व घुघरानी गली में विशेष सफाई अभियान चलाकर गली में पड़े पुराने डंप कूड़ा, मिट्टी मलबा को हटाया गया। गलियों को पानी से धोया गया और झाड़ू से साफ किया गया।
वाराणसी में आदिविशेश्वर वार्ड के पार्षद इंद्रेश कुमार ने बताया कि नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को गलियों को चमकाया है और इसके लिए उन सभी का हार्दिक आभार है। आज उनके वार्ड में चलाए गए स्वच्छता अभियान से डंप पड़े कूड़े के ढेर को हटा दिया गया है। हॉस्पिटल वाली गली से भी कूड़ा हटाया गया है। गली में रहने वाले लोग बेहद प्रसन्न हैं। काशी की गलियों को सुंदर बनाए रखने के लिए विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी की पहल एक दिन एक मोहल्ला सार्थक सिद्ध होगी। पार्षद होने के नाते वह स्वयं भी प्रतिदिन स्वच्छता के कार्य पर ध्यान रखते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

