home page

चुनारः रेलवे फाटक से तहसील तक दौड़ेगा विकास, 34 करोड़ की सड़क परियोजना का शुभारंभ

 | 
चुनारः रेलवे फाटक से तहसील तक दौड़ेगा विकास, 34 करोड़ की सड़क परियोजना का शुभारंभ


मीरजापुर, 06 जुलाई (हि.स.)। चुनार नगर में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण परियोजना का सोमवार को शुभारंभ हो गया। करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से चुनार रेलवे क्रॉसिंग से तहसील स्थित ब्लॉक मुख्यालय तक लगभग पांच किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा।

क्षेत्रीय विधायक अनुराग सिंह ने साेमवार के टेकौर तिराहे पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परियोजना का शुभारंभ किया।

विधायक ने बताया कि वर्तमान सड़क के मध्य से दोनों ओर लगभग 20-20 फीट तक चौड़ीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए मुख्यमंत्री से कई बार आग्रह किया गया था। अब इसकी मंजूरी मिलने से नगर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि परियोजना की कुल लागत में से करीब छह करोड़ रुपये भूमि एवं भवन अधिग्रहण के मुआवजे के लिए निर्धारित किए गए हैं। शेष राशि से सड़क चौड़ीकरण के साथ नाली, पटरी, पेयजल और विद्युत व्यवस्था से जुड़े कार्य भी कराए जाएंगे। निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विधायक ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान मूर्ति नगर के कारोबारियों के हितों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। दीपावली के समय बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा तक से व्यापारी यहां मूर्तियां खरीदने आते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य से कारोबार प्रभावित न हो, इसके लिए लोक निर्माण विभाग को स्थानीय व्यापारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि आलोक सिंह, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष बचाऊ लाल सेठ, मंडल अध्यक्ष मंगरू साहनी, सभासदों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा