home page

फतेहाबाद विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी और विधानसभा अध्यक्ष महाना ने जताया शोक

 | 
फतेहाबाद विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी और विधानसभा अध्यक्ष महाना ने जताया शोक


लखनऊ, 24 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जबकि विधानसभा अध्यक्ष ने उनके निधन को प्रदेश और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी छोटे लाल वर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छोटे लाल वर्मा का निधन अत्यंत दुःखद है। उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी जनप्रतिनिधि खो दिया है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव जनता के हितों और अपने क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी।

महाना ने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में छोटे लाल वर्मा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के साथ हैं।

प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक छोटे लाल वर्मा के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक एवं दुःखद है। उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा