home page

मीरजापुरः सीएचसी राजगढ़ को मिलेंगी आधुनिक जांच मशीनें, विशेष सचिव ने दिया भरोसा

 | 
मीरजापुरः सीएचसी राजगढ़ को मिलेंगी आधुनिक जांच मशीनें, विशेष सचिव ने दिया भरोसा


- स्कूली बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता परखी, जलापूर्ति की शिकायत पर सुधार के निर्देश

मीरजापुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के विशेष सचिव श्याम बहादुर सिंह ने मंगलवार को राजगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का स्थलीय निरीक्षण कर विकास योजनाओं की हकीकत परखी। सीएचसी राजगढ़ में सुविधाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने डिजिटल एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और अत्याधुनिक लैब की मांग पर शासन स्तर से जल्द स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया।

विशेष सचिव ने नदिहार प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता जांची। प्रोजेक्टर पर हिंदी के खाली स्थान भरने का सवाल दिए जाने पर बच्चे सही उत्तर नहीं दे सके। इस पर उन्होंने शिक्षकों को शैक्षणिक स्तर में सुधार के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन का कामकाज संतोषजनक मिला।

जल जीवन मिशन के तहत गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति जानने पर महिलाओं ने शिकायत की कि 24 घंटे में केवल एक बार गंदा पानी आता है और कई-कई सप्ताह तक आपूर्ति बाधित रहती है। इस पर उन्होंने पेयजल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। कोन ग्राम पंचायत में अंत्येष्टि स्थल, मॉडल शॉप और मिड-डे मील शेड का निरीक्षण किया। सोनबरसा में किसान विजेंद्र सिंह की ड्रैगन फ्रूट और केले की उन्नत खेती भी देखी।

सीएचसी में टीकाकरण पोर्टल, आयुष्मान कार्ड, दवा भंडारण, प्रसव कक्ष और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। एआरबी 98 और एएसवी 110 समेत दवाओं की उपलब्धता तथा साफ-सफाई पर संतोष जताया। ग्रामीणों ने महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग रखी।

अंत में विशेष सचिव ने ब्लॉक मुख्यालय में मनरेगा सेल और पंचायत अभिलेखों की भी जांच की। इस दौरान बीडीओ वीरेंद्र प्रताप वर्मा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतलाल, डॉ. अनूप कुमार, चीफ फार्मासिस्ट सत्येंद्र पटेल समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा