home page

चैत्र पूर्णिमा पर विंध्याचल में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां विंध्यवासिनी के दरबार में लगी लंबी कतारें

 | 
चैत्र पूर्णिमा पर विंध्याचल में उमड़ा आस्था का सैलाब, मां विंध्यवासिनी के दरबार में लगी लंबी कतारें


मीरजापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर गुरुवार को विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर में मंगला आरती के बाद मां मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, दर्शनार्थियों की संख्या बढ़ती गई। मध्याह्न आरती के बाद कुछ देर के लिए भीड़ कम होने पर सुरक्षाकर्मियों ने राहत की सांस ली। विंध्य कॉरिडोर के निर्माण कार्य को देखकर भक्तों ने सरकार की सराहना भी की। श्रद्धालु पहले अखाड़ा घाट, पक्का घाट और दीवान घाट पर गंगा स्नान कर कतारबद्ध होकर कॉरिडोर के माध्यम से दर्शन के लिए पहुंचे। आस्था के चलते लोग घंटों लाइन में लगे रहे। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिकोण परिक्रमा पथ स्थित अष्टभुजा मंदिर और कालीखोह मंदिर पहुंचकर भी पूजा-अर्चना की।

विंध्याचल धाम, कालीखोह व अष्टभुजा मार्ग पर सजी दुकानों पर महिलाओं और बच्चों की खासा भीड़ रही। चैत्र पूर्णिमा के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन के साथ पंडा समाज के लोग भी सेवा में जुटे रहे। परिक्रमा पथ पर धूप से बचाव के लिए टेंट लगाए गए थे, वहीं मुख्य द्वार और प्रवेश प्लाजा पर शौचालय सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा