चैत्र नवरात्र: शीतला धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, दर्शन को लगी लंबी कतारें
मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो भोर तक जारी रहा। तड़के करीब तीन बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खोल दिए गए।
मंदिर परिसर से लेकर शीतला धाम की गलियों, चौक और गंगा घाट तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त मां शीतला के जयकारे लगाते हुए कतार में आगे बढ़ते रहे और गर्भगृह में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
मां का आकर्षक और मनमोहक श्रृंगार देख श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए कोतवाल विजय शंकर सिंह व मेला प्रभारी उप निरीक्षक कुमार संतोष पुलिस बल के साथ गर्भगृह से लेकर मंदिर परिसर तक मुस्तैद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

