home page

सुपर जोन से सेक्टर तक सख्त निगरानी, 1-10-21 के फार्मूले पर सजा मेला क्षेत्र

 | 
सुपर जोन से सेक्टर तक सख्त निगरानी, 1-10-21 के फार्मूले पर सजा मेला क्षेत्र


- चैत्र नवरात्र मेला को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों को दी गई ब्रीफिंग

मीरजापुर, 18 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र मेला को सकुशल और निर्बाध रूप से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कोतवाली कटरा क्षेत्र स्थित एक स्कूल में ड्यूटी पर तैनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर, अष्टभुजा और कालीखोह धाम में लगने वाला नवरात्र मेला 18-19 मार्च की मध्यरात्रि से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेला व्यवस्था के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह को नोडल अधिकारी, विवेक जावला को पुलिस मेला अधिकारी तथा निरीक्षक अरविंद कुमार मिश्रा को मेला प्रकोष्ठ प्रभारी बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र को 1 सुपर जोन, 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है।

ब्रीफिंग में निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना प्राथमिकता होगी। गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी साफ-सुथरी वर्दी में रहेंगे और श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करेंगे। खोया-पाया केंद्रों के माध्यम से बिछड़े लोगों को मिलाने, बीमार श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता दिलाने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया।

मेले की सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल के साथ यातायात पुलिस, पीएसी, एसडीआरएफ, आरएएफ, एंटी चैन स्नैचर स्क्वाड, फायर ब्रिगेड, सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की भी तैनाती की गई है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सादे व वर्दी दोनों रूप में लगाया गया है। अंत में सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मेला सकुशल सम्पन्न कराने की शपथ भी दिलाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा