चैत्र एकादशी पर विंध्य धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, चार लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मीरजापुर, 29 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र समाप्त होने के बाद रविवार को चैत्र एकादशी के अवसर पर मां विंध्यवासिनी मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अनुमानित चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया।
शनिवार शाम से ही दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं के चारपहिया वाहनों का जमावड़ा विंध्य धाम में लगना शुरू हो गया था। सुबह होते-होते पूरे क्षेत्र में भारी भीड़ का नजारा देखने को मिला। मंगला आरती के बाद कपाट खुलते ही श्रद्धालु प्रमुख मार्गों पर कतारबद्ध होकर दर्शन के लिए खड़े रहे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालु हाथों में नारियल, चुनरी, माला, फूल व अन्य पूजन सामग्री लेकर मां के जयकारे लगाते हुए दर्शन-पूजन करते नजर आए। रविवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ गई।
दोपहर में राजश्री आरती, शाम को संध्या आरती व बड़ी आरती के दौरान कपाट बंद किए गए, इसके बाद पुनः दर्शन-पूजन जारी रहा। मंदिर में दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकाली मंदिर विंध्याचल और अष्टभुजा देवी मंदिर के दर्शन के लिए पहाड़ पर पहुंचे।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत थाना विंध्याचल पुलिस के जवान मुस्तैदी से डटे रहे और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में जुटे रहे। वहीं विंध्य पंडा समाज के तीर्थ पुरोहित भी अपने निर्धारित क्रम में सेवा कार्य में लगे रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

