मीरजापुर : मड़िहान में ड्रैगन फ्रूट सेंटर का भूमि पूजन, 2000 किसानों ने लिया हिस्सा
- उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया शुभारंभ, किसानों को अच्छी प्रजाति के पौधे उचित मूल्य पर मिलेंगे
मीरजापुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मड़िहान तहसील के देवरीकलां गांव में मंगलवार को निर्माणाधीन सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर ड्रैगन फ्रूट का भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर आयोजित मंडलीय किसान गोष्ठी में विंध्याचल, वाराणसी और आजमगढ़ मंडल के करीब 2000 किसानों ने हिस्सा लिया। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भूमि पूजन के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर गोष्ठी का शुभारंभ किया।
मंझवा विधायक सुचिस्मिता मौर्य, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह और मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने किसानों को संबोधित किया। वक्ताओं ने उद्यान विभाग की योजनाओं और बागवानी खेती से किसानों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी। विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने बताया कि पालीहाउस में ड्रैगन फ्रूट की खेती से उनके भाई को सालाना 15 से 18 लाख रुपये की आय हो रही है।
उद्यान मंत्री ने कहा कि ड्रैगन फ्रूट सेंटर बनने के बाद मीरजापुर सहित प्रदेश और अन्य राज्यों के किसानों को अच्छी प्रजाति के पौधे उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे। इससे बागवानी को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने मधुमक्खी पालन और शहद की ब्रांडिंग पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि स्थानीय शहद को बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने के लिए उद्यान विभाग की ओर से ‘काशी शहद’ ब्रांड के नाम से बिक्री की योजना तैयार की जा रही है।
उन्होंने मंडल में औद्यानिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए उप निदेशक उद्यान मेवाराम की सराहना की। कार्यक्रम में उद्यान निदेशक वीपी राम, नोडल अधिकारी राजीव वर्मा, उप निदेशक उद्यान केएम चौधरी और विभिन्न जिलों के जिला उद्यान अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

