home page

विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन नहीं करना चाहिए - प्रो. एस पी सिंह बघेल

 | 
विपक्ष को संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन नहीं करना चाहिए - प्रो. एस पी सिंह बघेल


फिरोजाबाद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल ने सोमवार देर रात फिरोजाबाद में सपा, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन होते हैं, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ इस प्रकार से प्रदर्शन नहीं करना चाहिए।

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस पी सिंह बघेल सोमवार देर रात जिला राठौर सभा द्वारा फिरोजाबाद शहर में निकाली गई राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने समाजवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देने के सवाल पर कहा कि यह उनका घमंड भरा बयान है, योगी आदित्यनाथ 403 सीटों पर लड़कर भी किसी के भी दांत खट्टे कर सकते हैं और जीत सकते हैं। समाजवादी पार्टी स्वयं तो अपने प्रभाव वाली सीटों पर लड़ती है। उनके परिवार का कोई भी आज तक सामान्य सीट से चुनाव नहीं लड़ा है। इटावा से उनके परिवार का कोई व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ा। एक सज्जन संभल से लड़े, एक कन्नौज से, एक आजमगढ़ से, एक फिरोजाबाद से, एक मैनपुरी से, एक बदायूं से, वे लोग स्वयं सामान्य सीटों पर लड़ने नहीं जाते तो दूसरों को चुनौती देने का अधिकार नहीं होना चाहिए।

उन्होंने एआईएमआईएम प्रमुखों असदुद्दीन ओवैसी के बयान कि मुसलमान अपना नेता नहीं चुन पा रहे, वही मुसलमानों के नेता हैं, पर कहा कि ये तो आने वाला चुनाव बताएगा, लेकिन एक जाति, वर्ग, क्षेत्र और धर्म की राजनीति करने वाला कभी राष्ट्रीय राजनीति नहीं कर सकते। केंद्रीय राज्य मंत्री ने दिल्ली में हो रहे धरना प्रदर्शन पर कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन होते हैं, लेकिन गलत इश्यू पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ इस प्रकार से प्रदर्शन नहीं करना चाहिए।

इस मौके पर राठौर सभा के जिलाध्यक्ष रश्मिकांत राठौर, राजेंद्र सिंह राठौर प्रदेश अध्यक्ष यूटा, बबलू सिंह राठौर गोल्डी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुभाष राठौर, चमन राठौर, युवा जिलाध्यक्ष राजेंद्र राठौर राजा, महिला अध्यक्ष किरन राठौर आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़