गोपालन से बदलेगी किस्मत, 28 लाभार्थियों को मिलेगा 80 हजार रुपये का अनुदान
ई-लॉटरी से हुआ चयन, डेयरी कॉन्क्लेव में बांटे जाएंगे चयन पत्र
मीरजापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में योगी सरकार ने एक और कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत जिले के 28 लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है। चयनित लाभार्थियों को बुधवार (5 अगस्त) को विकास भवन में आयोजित डेयरी कॉन्क्लेव में चयन पत्र प्रदान किए जाएंगे। योजना के तहत प्रत्येक पात्र लाभार्थी को गोपालन के लिए अधिकतम 80 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।
नंद बाबा दुग्ध मिशन के नोडल अधिकारी मनोज दुबे ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को नंद बाबा डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव कमेटी ने ई-लॉटरी के माध्यम से 28 लाभार्थियों का चयन किया। इनमें 14 महिलाएं और 14 पुरुष शामिल हैं। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया।
योजना का उद्देश्य स्वदेशी गौवंश को बढ़ावा देकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाना, पशुपालकों की आय में वृद्धि करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करना है। साथ ही संकर नस्ल की गायों में फैलने वाली बीमारियों, विशेषकर लम्पी रोग जैसी चुनौतियों से भी राहत दिलाने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
महिलाओं को मिली विशेष प्राथमिकता
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत उन्नत नस्ल की दो स्वदेशी गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने पर कुल लागत का 40 प्रतिशत अथवा अधिकतम 80 हजार रुपये तक का अनुदान सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजा जाएगा। योजना में कुल लक्ष्य का 50 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित रखा गया है, ताकि महिला पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

