home page

मीरजापुर में अस्थि विसर्जन को जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, छह घायल

 | 
मीरजापुर में अस्थि विसर्जन को जा रहे परिवार की कार ट्रक से टकराई, छह घायल


मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के राजगढ़ बाजार के पास गुरुवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ओडिशा से प्रयागराज अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा एक ही परिवार हादसे का शिकार हो गया, जब उनकी अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार छह लोग घायल हो गए।

ओडिशा निवासी 45 वर्षीय मनोज, 55 वर्षीय विजय, 50 वर्षीय मोनीता, 42 वर्षीय दीप्ति, 19 वर्षीय अनन्या और 16 वर्षीय अनुष्का एक साथ कार से प्रयागराज जा रहे थे। जैसे ही वाहन राजगढ़ बाजार के पास पहुंचा, सड़क पर बने गड्ढे में कार का पहिया चला गया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत में सुधार होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी साधन से सोनभद्र के अस्पताल ले जाया गया। राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा सड़क में गड्ढे के कारण वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ है। सभी घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा