बीआरडी मेडिकल कॉलेज : डे केयर कीमोथेरेपी मॉडल कैंसर मरीजों का बन रहा संबल
-सरकार मेडिकल कॉलेज के कैंसर रोग विभाग को उच्चीकृत केंद्र बनाने की तैयारी में
गोरखपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। योगी सरकार के संवेदनशील प्रयासों से कैंसर के इलाज के लिए गोरखपुर सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के मरीजों काे मंडल मुख्यालय के सरकारी चिकित्सा तंत्र से ही इलाज की महत्वपूर्ण सेवा मिल जा रही है। गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ‘डे केयर कीमोथेरेपी मॉडल’ इलाज के लिए कैंसर मरीजों का बड़ा संबल बन रहा है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों का इलाज 2009 से ही हो रहा है लेकिन सुविधा बढ़ने के बाद इलाज के लिए आने मरीजों की संख्या में वृद्धि 2017 से हुई। 2017 से लेकर दिसंबर 2025 तक मेडिकल कॉलेज की आंकोलॉजी ओपीडी में एक लाख से मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श ले चुके हैं। इसके साथ ही कैंसर के उपचार में अत्यंत महत्वपूर्ण कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी की सुविधा भी मरीजों को काफी राहत दे रही है। 2017 के बाद दिसंबर 2025 तक 31 हजार से अधिक कीमोथेरेपी डे केयर एडमिशन हुए हैं। इसी अवधि में 2800 मरीजों की 60 कोबाल्ट मशीन से रेडियोथेरेपी की सेवा दी गई।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में कैंसर रोग विभाग के अध्यक्ष प्रो. राकेश कुमार रावत बताते हैं कि डे केयर कीमोथेरेपी के लिए विभाग में 15 बेड उपलब्ध हैं। अत्याधुनिक डे-केयर सेंटर में मरीजों को भर्ती किए बिना कुछ ही घंटों में कीमोथेरेपी देकर घर भेज दिया जाता है। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज के नेहरू चिकित्सालय में कैंसर मरीजों को भर्ती करने के लिए 15 बेड रिजर्व रहते हैं। यहां आयुष्मान योजना से आच्छादित मरीजों की मुफ्त इलाज किया जाता है। जल्द ही सरकार मेडिकल कॉलेज के कैंसर रोग विभाग को उच्चीकृत केंद्र बनाने जा रही है।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज की कैंसर ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण
वर्ष मरीजों की संख्या
2017 10073
2018 13291
2019 13300
2020 5000
2021 10553
2022 11720
2023 13652
2024 14312
2025 14000
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में डे केयर कीमोथेरेपी एडमिशन
वर्ष मरीजों की संख्या
2017 3066
2018 2471
2019 2767
2020 2577
2021 3552
2022 4007
2023 4395
2024 4183
2025 4000
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

