व्यापारी और उद्यमी आधुनिक युग के भामाशाह, उनके कर से ही देश-प्रदेश का विकास' : मंत्री नंदी
भामाशाह जयंती पर 'व्यापारी कल्याण दिवस' कार्यक्रम में सर्वाधिक करदाता व्यापारियों व उद्यमियों का हुआ सम्मान
प्रयागराज, 29 जून (हि.स.)। व्यापारी, उद्यमी और ईमानदारी से कर अदा करने वाले सभी नागरिक आधुनिक युग के भामाशाह हैं। उनके द्वारा दिए गए कर से ही देश और प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है तथा भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उक्त बातें सोमवार को जिला पंचायत सभागार में दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर आयोजित 'व्यापारी कल्याण दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन, एनआरआई एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाना व्यापारिक समाज के सम्मान का प्रतीक है। भामाशाह केवल महान दानी ही नहीं, बल्कि कुशल आर्थिक प्रबंधक भी थे और आज ईमानदारी से कर देने वाला प्रत्येक व्यापारी उनके आदर्शों को आगे बढ़ा रहा है।
मंत्री नंदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज नए भारत का 'ग्रोथ इंजन' और 'रेवेन्यू सरप्लस स्टेट' बनकर उभरा है। प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, रेलवे और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण देश-विदेश की बड़ी कंपनियां निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाना है, जिसमें व्यापारियों और उद्यमियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि व्यापारियों द्वारा जमा किया गया कर पूरी पारदर्शिता के साथ गरीबों के कल्याण और जनहित की योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, शौचालय सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं करदाताओं के योगदान से ही संचालित हो रही हैं। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
सोमवार को जिला पंचायत सभागार में दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर आयोजित 'व्यापारी कल्याण दिवस' कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करते हुए मंत्री नंदी ने जनपद के सर्वाधिक राजस्व कर देने वाले व्यापारियों, उद्यमियों और प्रतिष्ठानों को 'भामाशाह सम्मान' से सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, भामाशाह के जीवन पर आधारित चित्र एवं अभिलेख प्रदर्शनी, लोकगायन तथा निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, व्यापारी, उद्यमी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

