home page

दोषियों के खिलाफ होगी ऐसी कार्रवाई कि उनकी सात पुश्तें भी याद रखेंगी : नन्दी

 | 
दोषियों के खिलाफ होगी ऐसी कार्रवाई कि उनकी सात पुश्तें भी याद रखेंगी : नन्दी


दोषियों के खिलाफ होगी ऐसी कार्रवाई कि उनकी सात पुश्तें भी याद रखेंगी : नन्दी


कुकुरकटवा हत्याकांड के पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री से कराएंगे मुलाकात, बोले- अपराधियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा

प्रयागराज, 19 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रयागराज में स्थित मेजा के कुकुरकटवा गांव में हुए तिहरे हत्याकांड को शुक्रवार को अत्यंत हृदयविदारक और जघन्य घटना बताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोर कार्रवाई की जाएगी कि उनकी सात पुश्तें भी याद रखेंगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराई जाएगी ताकि वे अपनी पीड़ा सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख सकें।

शुक्रवार को मंत्री नन्दी मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव पहुंचे और तिहरे हत्याकांड में मृतक श्याम लाल गुप्ता, इंद्रावती देवी और अमरावती देवी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार की समस्याएं सुनीं और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

मंत्री नन्दी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और समाज को झकझोर देने वाली है। ऐसा दुस्साहसिक अपराध करने वालों में से किसी एक को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के समूल नाश के लिए प्रतिबद्ध है और इस मामले में भी कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पीड़ित परिवार ने मंत्री नन्दी के समक्ष अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। इस पर मंत्री ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानून के तहत ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर अपराध में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाया जाए।

मंत्री नन्दी ने कहा कि पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग कर रहा है। मुख्यमंत्री से समय लेकर परिवार को लखनऊ बुलाया जाएगा, जहां वे पूरे घटनाक्रम और अपनी पीड़ा से मुख्यमंत्री को अवगत करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इस मामले की जानकारी ले रहे हैं और न्याय दिलाने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है।

मीडिया से बातचीत में मंत्री नन्दी ने कहा कि यदि दोषियों द्वारा अवैध निर्माण या अवैध कब्जा पाया जाता है तो बुल्डोजर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून के सभी प्रावधानों के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान मंत्री नन्दी ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी कुछ राजनीतिक दलों के नेता पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाया कि जो लोग अन्य घटनाओं में संवेदना व्यक्त करने पहुंचते हैं, वे इस मामले में अब तक क्यों नहीं आए।

मौके पर एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय, एसीपी एसपी उपाध्याय सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री नन्दी ने अधिकारियों से मामले की प्रगति की जानकारी ली और निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल