जनसंवाद में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने सुनीं जनता की फरियादें
मीरजापुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने रविवार को भरूहना स्थित सांसद जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। सरदार पटेल चौराहा स्थित कार्यालय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों फरियादियों ने बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, राजस्व और पुलिस से जुड़ी शिकायतें रखीं।
इस दौरान अपना दल (एस) और एनडीए घटक दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। मंत्री ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
आशीष पटेल ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

