home page

हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही, साढ़े तीन बीघा गेहूं जलकर राख

 | 
हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने मचाई तबाही, साढ़े तीन बीघा गेहूं जलकर राख


मीरजापुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के बहरामगंज में शुक्रवार दोपहर तेज हवा के बीच हाईटेंशन विद्युत लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। चिंगारी गिरते ही गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई, जो हवा के साथ तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते करीब साढ़े तीन बीघा फसल जलकर राख हो गई।

घटना के समय तेज हवाएं चल रही थीं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और निकली चिंगारी सीधे फसल पर गिर गई। कुछ ही देर में आग ने आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास के अन्य किसानों की फसल बच गई। आग बुझने के बाद मीरजापुर से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची।

आग लगने से रामजी यादव (पुत्र शोभनाथ यादव) तथा दयाराम यादव व मायाराम यादव (पुत्र स्व. मनबोध यादव) की गेहूं की फसल इस आग की चपेट में आ गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा