वाहन की टक्कर से बुलेट सवार मामा की मौत, भांजी गंभीर
मीरजापुर, 28 मई (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के पिरल्लीपुर गांव स्थित एनएच-35 पर बुधवार रात करीब नौ बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट सवार मामा की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उसकी भांजी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया तथा शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी बाजार निवासी विनय कुमार राय (37) बुधवार को पड़री थाना क्षेत्र के कठिनई गांव स्थित अपने बहनोई प्रदीप कुमार पंडा के घर गए थे। देर शाम वह अपनी भांजी कलश राय (21) के साथ बुलेट बाइक से वापस चकिया लौट रहे थे।
बताया जाता है कि जैसे ही वे चुनार कोतवाली क्षेत्र के पिरल्लीपुर गांव के पास एनएच-35 पर पहुंचे, पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विनय कुमार राय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल कलश राय की हालत नाजुक देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया।
चुनार कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

