home page

सर्वसमाज को लेकर विधानसभा का चुनाव लडे़गी बसपा : सतीश चंद्र मिश्र

 | 
सर्वसमाज को लेकर विधानसभा का चुनाव लडे़गी बसपा : सतीश चंद्र मिश्र


मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी सर्व समाज के ​साथ उतरेगी और ब्राह्मण समाज के आशीर्वाद और दलित समाज के मजबूत समर्थन से बड़ी जीत दर्ज करेगी । रविवार शाम विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचे सतीश चंद्र मिश्र ने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मंदिर के बड़े श्रृंगारिया शिवजी मिश्र एवं रत्न मोहन मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पूजन संपन्न कराया।

दर्शन-पूजन के बाद पत्रकारों से बातचीत में सतीश मिश्र ने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम से उनके परिवार का वर्षों पुराना आध्यात्मिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि मां के दरबार में आकर सदैव आत्मिक शांति और नई ऊर्जा का अनुभव होता है। यह स्थल भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। राजनीतिक सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीतिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी सर्वसमाज को साथ लेकर आगे बढ़ने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ब्राह्मण समाज के आशीर्वाद और दलित समाज के मजबूत समर्थन के साथ बसपा आगामी चुनाव में सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। इस अवसर पर बड़े श्रृंगारिया शिवजी मिश्र ने सतीश मिश्र को रक्षा सूत्र बांधकर मां विंध्यवासिनी का आशीर्वाद प्रदान किया। दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा