home page

आईडीए आदेश में देरी से भड़के बीएसएनएल कर्मी, प्रदर्शन कर जताई नाराजगी

 | 
आईडीए आदेश में देरी से भड़के बीएसएनएल कर्मी, प्रदर्शन कर जताई नाराजगी


मीरजापुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। दूरसंचार विभाग की ओर से 01 जनवरी 2026 से लागू होने वाले आईडीए (इंडस्ट्रियल डियरनेस अलाउंस) का आदेश जारी न होने पर बीएसएनएल के कर्मचारी और अधिकारी भड़क उठे। जनपद मीरजापुर में सोमवार को लंच आवर के दौरान कर्मियों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। आल यूनियन एसोसिएशन ऑफ बीएसएनएल के जिला संयोजक नागेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कर्मचारियों ने कहा कि आईडीए लागू करने में हो रही देरी से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

संयोजक नागेंद्र सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का हक समय पर मिलना चाहिए, लेकिन विभाग की उदासीनता के कारण आईडीए का आदेश अब तक जारी नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। सुभाष वर्मा ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे में भत्ते में देरी कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरने में संगीता, मलिका परवीन, अशोक कुमार, सूर्यनारायण पाल और ललित मिश्र आदि मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा