home page

बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत

 | 
बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबकर मौत


मीरजापुर, 19 सितंबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बरबसा राजा गांव में शनिवार सुबह शौच के लिए घर से निकले छह वर्षीय बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

गांव निवासी गंगा प्रसाद कोल का छह वर्षीय पुत्र अभयराज शनिवार सुबह करीब दस बजे घर से लगभग सौ मीटर दूर शौच के लिए गया था। शौच के दौरान सड़क किनारे करीब चार फीट गहरे पानी भरे गड्ढे में पैर फिसलने से वह डूब गया।

काफी देर तक बालक के घर नहीं लौटने पर उसकी मां लक्ष्मिना देवी और परिजन तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे। गड्ढे में बालक का शव उतराता मिला। परिजनों ने उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी लालगंज ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच की। उपनिरीक्षक शिवाकांत पांडेय ने बताया कि शौच के लिए घर से बाहर गए बालक की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को शौचालय का लाभ नहीं मिला था। इसी वजह से बालक को शौच के लिए बाहर जाना पड़ा और हादसा हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा