home page

रेलवे लाइन पर मिला लापता युवक का शव, पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका

 | 
रेलवे लाइन पर मिला लापता युवक का शव, पत्नी ने जताई अनहोनी की आशंका


मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिगना थाना क्षेत्र के बिहसड़ा कला गांव निवासी 30 वर्षीय विमलेश विश्वकर्मा का शव शनिवार शाम करीब पांच बजे सुमतिया गांव के सामने रेलवे लाइन पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पत्नी रेखा ने शव की शिनाख्त की।

बताया गया कि विमलेश की पत्नी रेखा ने 10 सितंबर को जिगना थाने में तहरीर देकर एक पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए थे। तहरीर में मकान पर कब्जा करने की नीयत से पति को गायब करने और जबरन ताला लगाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया था। पत्नी ने पति को गुमराह कर नशे का आदी बनाने का भी आरोप लगाया था।

विमलेश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन वर्ष का बेटा और पांच वर्ष की बेटी है। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो पति का पता लगाया जा सकता था।

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा