home page

कर्णावती नदी में डूबे अधेड़ का 48 घंटे बाद मिला शव

 | 
कर्णावती नदी में डूबे अधेड़ का 48 घंटे बाद मिला शव


मीरजापुर, 20 अगस्त (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र में कर्णावती नदी के तेज बहाव में डूबे 50 वर्षीय असफाक अहमद का शव 48 घंटे बाद गुरुवार को बरामद हो गया। लगातार तीसरे दिन सुबह से रेस्क्यू अभियान चला रही एसडीआरएफ टीम ने घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर पूरब बिरोही गांव के बरुआ मजरा के सामने नदी से शव बरामद किया है। शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।

विजयपुर गांव के तुर्कान मुहल्ला निवासी मकसूद अहमद के 50 वर्षीय पुत्र असफाक अहमद मंगलवार शाम करीब चार बजे पड़ोसी गुड्डे अहमद के साथ घर लौट रहे थे। विजयपुर-भारतगंज मार्ग पर कर्णावती नदी पर बनी पुलिया को पैदल पार करने के दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश शुरू की। मंगलवार से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था। गुरुवार शाम करीब चार बजे एसडीआरएफ टीम को सफलता मिली और घटनास्थल से लगभग चार किलोमीटर दूर असफाक का शव बरामद कर लिया गया।

थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। असफाक अहमद तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा नौ वर्षीय आयरा, सात वर्षीय सुमैरा और दो वर्षीय अनायजा हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुके असफाक मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी मौत से विजयपुर गांव में शोक का माहौल है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा