home page

ट्रांसमिशन टाॅवर से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने शुरु की जांच

 | 
ट्रांसमिशन टाॅवर से लटका मिला युवक का शव, पुलिस ने शुरु की जांच


मीरजापुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के कलवारी बाजार स्थित सब्जी मंडी के पीछे सेमरहिया बंधी के पास गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने ट्रांसमिशन टावर पर एक युवक का शव फंदे से लटकता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान अमदहा गांव निवासी 25 वर्षीय बलिराम गौड़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलिराम मड़िहान स्थित अपने पाही पर रहता था और बुधवार को अपने गांव अमदहा आया था। शाम को वह गांव से वापस मड़िहान जाने के लिए निकला था, लेकिन अगले ही दिन गुरुवार सुबह उसका शव गांव के बाहर शिवान में स्थित ट्रांसमिशन टावर पर सफेद गमछे के सहारे लटकता मिला।

ग्रामीण जब शौच के लिए बंधी की ओर गए, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पीआरबी पुलिस और मड़िहान थाने को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से शव टावर पर लटका मिला, वह कई सवाल खड़े करता है। उनका दावा है कि दिव्यांग युवक के लिए इतने ऊंचे टावर पर चढ़ पाना संभव नहीं है, ऐसे में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

परिवार में बलिराम गौड़ के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। बड़ा भाई कलंदर अविवाहित है, जबकि बहन पिंकी की शादी हो चुकी है। इस संबंध में थाना प्रभारी बालमुकुंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा