home page

स्नान के दौरान डूबने की आशंका, रैपुरिया घाट के पास मिला अज्ञात युवक का शव

 | 
स्नान के दौरान डूबने की आशंका, रैपुरिया घाट के पास मिला अज्ञात युवक का शव


मीरजापुर, 10 मई (हि.स.)। अदलहाट थाना क्षेत्र के रैपुरिया घाट के पास रविवार शाम एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची नरायनपुर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक केवल अंडरवियर पहने हुए था। आशंका जताई जा रही है कि वह स्नान के दौरान गंगा में डूब गया होगा और पानी के बहाव में शव रैपुरिया घाट तक पहुंच गया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक युवक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस मीरजापुर भेज दिया गया।

थाना प्रभारी अदलहाट अजय सेठ ने बताया कि अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा