टॉप फाइव की सूची में बालिकाएं रहीं अव्वल
--टॉप टेन की सूची में हाईस्कूल 1367 एवं इण्टर में 1049 छात्र शामिल
प्रयागराज, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) द्वारा गुरूवार को घोषित परीक्षा परिणाम में इस वर्ष टॉप टेन की सूची बहुत लम्बी हो गई है। टॉप फाइव के अलावा देखा जाय तो विभिन्न जिलों से हाईस्कूल में 1367 तथा इण्टरमीडिएट में 1049 विद्यार्थी टॉप टेन की सूची में शामिल हैं।
प्रदेश में टॉप फाइव की सूची में हाईस्कूल में जहां सीतापुर से कशिश वर्मा 97.83 प्रतिशत अंक पाकर प्रथम स्थान पर रही वहीं बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने भी 97.83 अंक प्राप्त कर प्रथम रही। इसी प्रकार इण्टर में सीतापुर की शिखा वर्मा 97.60 प्रतिशत अंक पाकर टॉप किया है।
यूपी बोर्ड के जारी परिणाम के अनुसार हाईस्कूल हाईस्कूल में बाराबंकी की अदिती ने 97.50 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय तथा सीतापुर की अर्पिता, झांसी की रिषभ साहू तथा बाराबंकी की परी वर्मा ने 97.33 अंक पाकर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि इण्टर में बाराबंकी की श्रिया वर्मा तथा बरेली की नंदिता गुप्ता 97.20 प्रतिशत पाकर द्वितीय स्थान पर रही। इसी प्रकार बरेली की सुरभी यादव तथा बाराबंकी की पूजा पाल 97 प्रतिशत अंक पाकर तृतीय स्थान पर रही।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

