home page

जाैनपुर में 95वें शहीद दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर आयाेजित

 | 
जाैनपुर में 95वें शहीद दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर आयाेजित


जाैनपुर में 95वें शहीद दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर आयाेजित


जौनपुर, 23 मार्च (हि.स.)। 95वें शहीद दिवस के अवसर पर ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, सिंगरामऊ के तत्वाधान में साेमवार काे जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक केंद्र पर रक्तदान शिविर आयाेजित हुआ। इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, युवाओं और कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर का शुभारंभ सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह ने दीप प्रज्वलित और शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम दूसरों का जीवन बचाने के लिए आगे आएं। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय कन्नौजिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

शिविर में नियमित रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। श्रीनारायण सिंह (117 बार) और शनि (25 बार) के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पुनः रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. एम. खान और डॉ. के.के. पाण्डेय ने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रक्तदान के बाद शरीर कुछ ही समय में नई रक्त कोशिकाएं बना लेता है, जिससे स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

कार्यक्रम में विभिन्न बटालियनों के 100 से अधिक कैडेट्स भी शामिल हुए। आयोजन का सफल संचालन टीम लीडर महेन्द्र शुक्ला ने किया। शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंक स्टाफ एवं समिति के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

समिति की सचिव एवं प्रबंधक डॉ. अंजू सिंह ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव