home page

पूर्वांचल के सशक्त ब्राह्मण नेता एवं पूर्व स्नातक क्षेत्र प्रत्याशी बी.के. शुक्ला ने थामा रालोद का दामन

 | 
पूर्वांचल के सशक्त ब्राह्मण नेता एवं पूर्व स्नातक क्षेत्र प्रत्याशी बी.के. शुक्ला ने थामा रालोद का दामन


पूर्वांचल के सशक्त ब्राह्मण नेता एवं पूर्व स्नातक क्षेत्र प्रत्याशी बी.के. शुक्ला ने थामा रालोद का दामन


लखनऊ/नई दिल्ली, 11 अगस्त(हि.स.)। पूर्वांचल के वरिष्ठ एवं चर्चित नेता तथा रायबरेली निवासी बी.के. शुक्ला, पूर्व प्रत्याशी स्नातक लखनऊ खंड ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के आवास पर उनके समक्ष रालोद की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के उत्तर प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष अनुपम मिश्रा की विशेष उपस्थिति रही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने बी.के. शुक्ला को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराते हुए उनका स्वागत किया और कहा कि अपने समाज के अधिक से अधिक लोगों को एकजुट करिए तथा पूर्वांचल में राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को मजबूत करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दीजिए।

इस अवसर पर रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने कहा कि बी.के. शुक्ला पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक चर्चित और जमीन से जुड़े नेता हैं तथा ब्राह्मण समाज में उनकी मजबूत पकड़ है। उनके राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से पूर्वांचल और अवध क्षेत्र में समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने में निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में भी इसका लाभ राष्ट्रीय लोकदल को मिलेगा, क्योंकि बी.के. शुक्ला जमीन से जुड़े नेता हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार को लेकर लगातार सक्रिय है और समाज के सभी वर्गों के लोगों को पार्टी से जोड़ने का अभियान जारी है। बी.के. शुक्ला के अनुभव और सामाजिक संपर्क से पार्टी के संगठन को और मजबूती मिलेगी।

बी.के. शुक्ला लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वर्ष 2020 में उन्होंने लखनऊ स्नातक खंड से विधान परिषद सदस्य का चुनाव भी लड़ा था और 10 हजार से अधिक मत प्राप्त किए थे। लखनऊ स्नातक खंड के अंतर्गत आने वाले प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई और बाराबंकी सहित सात जनपदों में उनकी लंबे समय से सक्रियता रही है।

बी.के. शुक्ला के राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होने से पार्टी को पूर्वांचल एवं अवध क्षेत्र में संगठन विस्तार के साथ-साथ सामाजिक एवं राजनीतिक स्तर पर भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर रालोद संसदीय दल के अध्यक्ष के.सी. त्यागी, सांसद चंदन चौहान, विनय कुमार मिश्रा, डॉ. शक्ति कुमार पांडेय, कृष्ण मोहन चतुर्वेदी, गौरव शुक्ला, धनंजय तिवारी, प्रवीन्द्र सिंह, के.बी. सिंह, हिमांशु देवरा, सचिन सिंह, अक्षय चौधरी सहित पूर्वांचल एवं अवध क्षेत्र से आए अनेक लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा