home page

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की पदयात्रा, गूंजे नारे

 | 
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की पदयात्रा, गूंजे नारे


मीरजापुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के मार्गदर्शन में शुक्रवार को नगर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल पदयात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि सरोज कुशवाहा ने मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया और पूरे मार्ग में यात्रा का नेतृत्व किया।

पदयात्रा भाजपा जिला मुख्यालय से शुरू होकर रामचंद्र शुक्ल पार्क, सरदार पटेल चौक (भरूहना) होते हुए पुनः जिला मुख्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान सैकड़ों महिलाओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने नारों से पूरे नगर को गुंजायमान कर दिया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह महिलाओं को नीति-निर्माण में भागीदारी का अवसर देगा और देश के विकास में उनकी भूमिका को और मजबूत करेगा।

जिला संयोजक व जिला उपाध्यक्ष सुनीता शर्मा ने कहा कि यह अधिनियम समाज में लम्बे समय से वंचित महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनाएगा और गांव की बेटियां भी अब देश की दिशा तय करने में सक्षम होगी।

पदयात्रा में नीलम प्रभात, बिंदु दीदी, डॉ. बीना सिंह, संध्या पटेल, रमा पांडेय, भावना बरनवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना बताया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा