वृक्ष केवल शुद्ध वायु ही नहीं देते, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के जीवन का हैं आधार : अशोक चौरसिया
वाराणसी, 13 जुलाई (हि. स.)। वाराणसी में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर पहली बार पदाधिकारियों के बीच पहुंचें काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने पौधरोपण कर कहा कि वेदों में एक वृक्ष को दस पुत्रों के समान बताया गया है, क्योंकि वृक्ष केवल शुद्ध वायु ही नहीं देते, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के जीवन का आधार हैं। आज यदि हम प्रकृति का संरक्षण करेंगे तो प्रकृति भी हमारा संरक्षण करेगी। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरण असंतुलित हो रहा है। ऐसे समय में जल, जंगल और जमीन की रक्षा केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृशक्ति, मातृभूमि और प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। काशी क्षेत्र अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अपने घर, विद्यालय, कार्यालय तथा सार्वजनिक स्थलों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरियाली बढ़ने से पर्यावरण संतुलित रहेगा, जल स्रोत सुरक्षित होंगे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलेगा। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. उत्तम ओझा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,अमित राय, श्रीप्रकाश शुक्ला, अनिल श्रीवास्तव, क्षेत्र अध्यक्ष सहयोगी सत्यम तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

