home page

तिरंगा हमारे राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक : पंकज चौधरी

 | 
तिरंगा हमारे राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक : पंकज चौधरी


तिरंगा हमारे राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक : पंकज चौधरी


तिरंगा हमारे राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक : पंकज चौधरी


लखनऊ, 01 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित ‘‘हर घर तिरंगा यात्रा‘‘ अभियान की कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्रगौरव का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र-गौरव के इस प्रतीक को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें गर्व की अनुभूति से परिचित कराने वाले अभियान का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश के लिए तो तिरंगा अद्भुत सम्मान का प्रतीक है। प्रथम स्वाधीनता संग्राम से लेकर आज़ादी की अंतिम लड़ाई तक में इस प्रदेश के वीरों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया था।

पंकज चौधरी ने कहा कि आप सबको याद है जब बलिया में जन्मे अमरशहीद मंगल पांडे के कंठ से निकली स्वाधीनता की पहली ललकार ने अंग्रेजों की ईंट से ईंट बजा दी थी। अमर शहीद तात्या टोपे, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, बिजली पासी, ऊदा देवी, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक़ उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद जैसे वीरों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की आज़ादी के यज्ञ की ज्वाला को कभी ठंडा नहीं पड़ने दिया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा उन सबके बलिदान का पावन प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों की याद में और प्रत्येक नागरिक को इस देश के गौरव के साथ जोड़ने के लिए, हर घर तिरंगा अभियान का 2022 में विचार दिया था, जो आज एक महा-अभियान बन चुका है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी कोशिश होनी चाहिए कि भारत आज दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। हमें हर घर तिरंगा यात्रा में युवाओं को जोड़ने का पूरा प्रयास करना है। युवा वर्ग के लोग हमारे साथ जुड़ेंगे तो इससे न केवल जमीन पर, बल्कि सोशल मीडिया पर भी हमारी यह तिरंगा यात्रा विश्व के उन लोगों तक पहुँचने में सफल होगी, जो देश से बाहर हैं और यहाँ नहीं आ सकते।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रारम्भ हुआ ‘‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा‘‘ अभियान आज राष्ट्रभक्ति का एक विराट जन-आंदोलन बन चुका है। यह अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का अभियान है। हमें इस वर्ष भी इसे व्यापक जनसहभागिता के साथ जन-जन का अभियान बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन