home page

संसद में चर्चा से भाग रहा विपक्ष, हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार : पंकज चौधरी

 | 
संसद में चर्चा से भाग रहा विपक्ष, हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार : पंकज चौधरी


लखनऊ, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार काे कहा कि केंद्र सरकार संसद में हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया से दूर भागकर सड़क की राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि संसद चर्चा और समाधान का मंच है। लोकतंत्र में हर समस्या का समाधान संवाद के माध्यम से ही संभव है।

गुरुवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का संसद में चर्चा करने के बजाय धरने पर बैठना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसा कभी नहीं देखा गया कि प्रधानमंत्री आवास के सामने इस प्रकार धरना-प्रदर्शन किया गया हो। प्रधानमंत्री का आवास केवल किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रतीक है। उसके समक्ष धरना देना लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अनादर को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने विपक्ष से बातचीत के लिए अपने मंत्रियों को भेजा। इसके बावजूद विपक्ष अपनी जिद पर अड़ा रहा। यदि विपक्ष के पास कोई मुद्दा है तो उसे संसद के भीतर उठाना चाहिए। सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है और तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखने को भी तैयार है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश का युवा भारत का भविष्य है। भारतीय जनता पार्टी सदैव युवाओं के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े मामलों में सरकार ने संवेदनशीलता के साथ कदम उठाए हैं। जिन घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, उनके बाद दोबारा परीक्षाएं आयोजित कर लाखों विद्यार्थियों के हितों की रक्षा की गई।

चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फास्ट ट्रैक कोर्ट जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है, ताकि अपराधियों को शीघ्र सजा मिल सके। सरकार इस बात के लिए प्रतिबद्ध है कि भविष्य में छात्रों और युवाओं के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो।

पंकज चौधरी ने विपक्ष से संसद की कार्यवाही में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि सदन नहीं चलने दिया जाएगा तो महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा कैसे होगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर राजनीति करने के बजाय विपक्ष को संसद में आकर चर्चा करनी चाहिए, जिससे देशहित में सकारात्मक और स्थायी समाधान निकल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह