home page

सरदार पटेल का जीवन देशहित के प्रति समर्पण का प्रतीक : प्रकाश पाल

 | 
सरदार पटेल का जीवन देशहित के प्रति समर्पण का प्रतीक : प्रकाश पाल


लखनऊ, 28 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर की ओर से बुधवार को हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में ‘सबसे ऊंचे सरदार’ कार्यक्रम के तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और मजबूत नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देते हैं।

प्रकाश पाल ने कहा कि 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण करने वाले, दृढ़ इच्छाशक्ति और फौलादी इरादों के धनी सरदार साहब का जीवन हमें सदैव 'राष्ट्र प्रथम' की सीख देता है। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा पूरे प्रदेश के सभी जिलों में '#सबसे_ऊंचे_सरदार' की थीम पर आज बहुत ही भव्यता और गौरव के साथ मना रहा है।

भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार ने कहा भारतीय जनता पार्टी की ओर से 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।

मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि संगोष्ठी में महामंत्री सतेंद्र सिंह, पिछड़ा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी साकेत शर्मा, महामंत्री राम शंकर राजपूत, दीपू जायसवाल, दीपक साहू, रामजी कनौजिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन