भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े वाराणसी पहुंचे,एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
वाराणसी,02 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े शुक्रवार सुबह वाराणसी पहुंचे। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से लेकर शिवपुर बाईपास व पार्टी के रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में पार्टी के नेताओं ने भव्य स्वागत किया। उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनने के बाद पहली बार काशी आए विनोद तावड़े के स्वागत को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में भी उत्साह दिखा।
शिवपुर बाईपास पर पार्टी के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक कुमार चौरसिया,क्षेत्र उपाध्यक्ष विपिन सिंह,जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह,प्रदेश मंत्री व पार्टी के प्रोटोकाल प्रभारी शैलेश पांडेय के साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी का स्वागत किया।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े रोहनिया कार्यालय में वाराणसी लोकसभा, जिला, महानगर और काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। रोहनियां स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में उनके साथ सहप्रभारी जगदीश ईश्वर पटेल, मेधा कुलकर्णी, अनंत ओझा व प्रदीप वर्मा के साथ ही काशी क्षेत्र के सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

