भाजपा के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ प्रमोद मिश्रा ने किया नामांकन
वाराणसी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी डा. प्रमोद कुमार मिश्रा शनिवार को अपने प्रस्तावक के साथ नामांकन करने कमिशनरी पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों ने गेट के बाहर भीड़ को देखते हुए रोक दिया। गेट पर पुलिसकर्मियों से समर्थकों की नोकझोक भी हुई। इस दौरान मंत्री अनिल राजभर और दूसरे जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद डॉ प्रमोद मिश्रा नामांकन स्थल में दाखिल हुए और कड़ी मशक्कत के बाद अपना नामांकन कराया।
नामांकन करने के बाद शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी डॉ प्रमोद मिश्रा ने कहा कि मैं जिस पार्टी से चुनाव लड़ रहा हूं, उसके प्रति वफादार हूं। मैं और मेरे साथ खड़े समर्थक शिक्षक एमएलसी चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरे हैं। नामांकन करने के बाद अब हम मैदान (क्षेत्र) में अपना दम दिखाएंगे।
नामांकन के दौरान भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, स्नातक एमएलसी प्रत्याशी केदारनाथ सिंह, महापौर अशोक तिवारी, सहित तमाम प्रमुख भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

