home page

मंदिर के शिलान्यास में पहुंची भाजपा विधायक जय देवी कौशल, लगाया जातिगत भेदभाव का आरोप

 | 
मंदिर के शिलान्यास में पहुंची भाजपा विधायक जय देवी कौशल, लगाया जातिगत भेदभाव का आरोप


-पासी समाज ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए कुर्बानी दी: कौशल किशोर

लखनऊ, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की मलिहाबाद विधानसभा से भाजपा विधायक जय देवी कौशल ने काकोरी कस्बे के शीतला माता मंदिर के शिलान्यास व भूमिपूजन के दौरान जातिगत भेदभाव का आरोप लगाया है। विधायक जय देवी पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर की पत्नी हैं। वह बुधवार को काकोरी के शीतला माता मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंची थी।

कार्यक्रम से लौटने के बाद उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि वो मंदिर के जीर्णोद्धार समारोह में गईं थी, जहां उन्हें पूजा नहीं करने दी गयी। उन्होंने बताया कि ये हाल तब हुआ जबकि इस मंदिर का जीर्णोद्धार का प्रस्ताव उन्होंने ही पास करवाया था। मैं वहां खड़ी रही मंदिर प्रशासन की ओर से मुझे उचित सम्मान नहीं मिला और पूजा भी नहीं करने दी। विधायक के पति और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने भी इस पर गंभीर आपत्ति जताई है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पासी समाज ने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपनी कुर्बानी दी है और प्रताड़ना भी झेली है लेकिन जिस तरह काकोरी के शीतला माता मंदिर पर मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक जयदेवी कौशल का पूर्व निर्धारित जीर्णोद्धार भूमि पूजन करने से एक साजिश के तहत रोककर अपमानित किया गया यह कृत्य निंदनीय है।

वहीं मंदिर के प्रबंधक रमाकांत गुप्ता ने विधायक के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि मंदिर सभी जातियों और वर्गों के लिए खुला है और यहां किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता। लखनऊ ग्रामीण के भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कुमार मौर्य ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि गलती हुई है, लेकिन जानबूझकर ऐसा नहीं किया गया है। स्थानीय विधायक से पूजा करानी चाहिए थी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं ने बताया कि ठेकेदार ने गलती की है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन