उत्तर प्रदेश में प्रचण्ड बहुमत से तीसरी बार बनाएंगे भाजपा सरकार: विनोद तावड़े
लखनऊ, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की चुनाव कार्ययोजना बैठक शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावडे़ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रचण्ड बहुमत से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव माइक्रो मैंनेजमेंट का चुनाव है इसलिए बारीकी से प्रत्येक कार्ययोजना पर काम करना है। उन्होंने कहा कि हम समय से या समय से पूर्व चुनाव के लिए तैयारी पूर्ण करते ही 2017 से बेहतर परिणाम को प्राप्त कर सकते हैं।
तावड़े ने कहा कि विधानसभा स्तर पर प्रवासी प्रभारियों की नियुक्ति का काम शीघ्र पूर्ण किया जाए । इसके साथ ही जिला एवं विधानसभा स्तर पर चुनाव व्यवस्था समिति का गठन भी करना है। महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विधानसभा स्तर पर प्रवासी के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी जिला प्रभारी शीघ्र ही विधानसभा स्तर पर प्रवास पूर्ण करें और सभी विधानसभा प्रभारी शक्ति केन्द्र पर अपने प्रवास सुनिश्चित करें। प्रदेश प्रभारी तावडे़ ने कहा कि विधानसभा प्रभारी एवं विस्तारकों को मंडल स्तर पर सक्रिय सदस्यों की बैठकें शीघ्र प्रारम्भ करना है तथा शक्ति केन्द्र पर प्रवास सुनिश्चित करना है।
डोर टू डोर जनसम्पर्क अभियान शुरू करेगी भाजपा
राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि पार्टी घर-घर सम्पर्क अभियान के तहत प्रत्येक 50 परिवारों पर एक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी सौंपेगी। उन्होंने कहा कि हमें डोर टू डोर जनसम्पर्क के लिए योजना तैयार करना है इसके लिए महिला, युवा, नवमतदाता, लाभार्थी किसान, छोटे व्यापारी, प्रबुद्धवर्ग, पूर्व सैनिक तथा सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से संपर्क की कार्ययोजना तैयार करके काम करना है। इसके साथ ही जिला स्तर पर समन्वय टोली का गठन किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि अखंड भारत के शिल्पकार, हमारे मार्गदर्शक और भारत रत्न, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उन्हें हृदय से नमन करता हूँ! साथ ही आप सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देता हूँ। लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल देश को और पीढ़ी को जोड़ना जानते थे। आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत, श्रेष्ठ भारत का वही सपना साकार हो रहा है।
क्षेत्रों में रात्रि-प्रवास करेंगे पदाधिकारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों से कहा कि चुनावी संगठनात्मक कार्ययोजना पर काम करते हुए ज्यादा से ज्यादा अपने अपने क्षेत्र में रात्रि-प्रवास करें तथा सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष व जिला अध्यक्ष मोर्चों की गतिविधियों को प्रभावी बनायें। कहा कि 03 नवम्बर से प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत विशाल पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
श्री चौधरी ने कहा कि चुनाव जीतने का सबसे अचूक मन्त्र हमारा बूथ और बूथ के मतदाता हैं। हमें मतदाता सूची सत्यापन और विशेष पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता देनी है। हमें प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में प्रवास के लिए कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम खड़ी करनी है।
जल्द बनेगी चुनाव संचालन समिति
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दृष्टि से जिला चुनाव संचालन समिति तथा विधानसभा चुनाव संचालन समिति का गठन करना है। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद पार्टी मतदाता पुनरीक्षण के काम में जुटेगी। युवाओं के फार्म 6 भरवाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सक्रिय सदस्यों की बैठकें शुरू करके उन्हें चुनावी जिम्मेदारियों से जोड़ने का काम करना है। मंडल, जिला, क्षेत्र, प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ विधानसभा स्तर पर संवाद के कार्यक्रम आयोजित होंगे और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि युवा, महिला, बुद्धजीवी, श्रमिक, व्यापारी वर्ग, रेहड़ी पटरी विक्रेता, चाय, पान, किराना, सब्जी आदि के विक्रेताओं सहित सूक्ष्म कारोबारियों से सम्पर्क एवं संवाद स्थापित करने के लिए सभी वर्गों को सूचीबद्ध करना है।
बैठक में प्रदेश सह प्रभारी मेधा कुलकर्णी, जगदीश पटेल, अनंत ओझा व डा. प्रदीप वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष तथा जिला प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

