भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के प्रथम आगमन पर बस्ती में स्वागत की तैयारी
बस्ती, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी के 31 अगस्त को सड़क मार्ग से अपने गृह जनपद बस्ती में प्रथम आगमन को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उनके स्वागत को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पार्टी की ओर से जिले में कुल 101 स्वागत स्थलों को चिन्हित किए जाने की बात कही गई है, जहां कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा उनका अभिनंदन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष विवेकानंद ने बताया कि उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी के स्वागत के लिए हजारों समर्थकों के पहुंचने की तैयारी है। स्वागत स्थल को आकर्षक बनाने के लिए करीब सवा कुंतल फूलों से भव्य स्वागत द्वार तैयार कराया जाएगा। इसके साथ ही 51 किलो फूलों से विशेष माला तैयार कर हरीश द्विवेदी का अभिनंदन किया जाएगा। भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल ने बताया कि स्वागत समारोह में 21 ब्राह्मणों द्वारा शंखनाद एवं पुष्प वर्षा के साथ राष्ट्रीय महामंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वागत कार्यक्रम को दिव्य और भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हरीश द्विवेदी ने संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी

