नमो सेवा गाथा में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक का होगा मंचन
वाराणसी, 21 सितम्बर(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महानगर कार्यालय में सोमवार को पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर कई आयोजन हो रहे हैं। इसमें एक आयोजन नाट्य मंचन भी शामिल है। जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की मोदी यात्रा में सेवा, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को कलाकार मंच पर जीवंत करेंगे।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुति के साथ स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को राष्ट्रनिर्माण से जुड़े संकल्पों से जोड़ना है।
‘नमो सेवा गाथा’ पखवाड़े के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में 15 सदस्यीय कलाकारों का दल नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक दायित्वों का संदेश देगा।
उन्होंने बताया कि छह अक्टूबर से नौ अक्टूबर तक डेलवरिया मंदिर, गुरुनानक चौराहा, सरसौली अखाड़ा, हुकुलगंज, सारनाथ म्यूजियम, नाटी इमली, मलदहिया और पुलिस लाइन चौराहे पर प्रस्तुतियां होंगी। वहीं 10 से 14 अक्टूबर तक प्रहलाद घाट स्थित विनोद बाजार, थाना चौक, मच्छोदरी पार्क, राजघाट हनुमान मंदिर, चेतगंज, पिशाच मोचन, मैदागिन और अलईपुर स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

