भाजपा स्थापना दिवस पर संगोष्ठी, इतिहास और विचारधारा पर हुई चर्चा
मीरजापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस सोमवार को जिले भर में उत्साहपूर्वक मनाया गया। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में जिला एवं मंडल स्तर पर प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला कार्यालय को सजाया गया और सुंदरकांड पाठ के बाद संगोष्ठी का आयोजन हुआ।
संगोष्ठी में मुख्य वक्ता पूर्व जिलाध्यक्ष गंगासागर दूबे ने भारतीय जनसंघ से लेकर भाजपा तक की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई और आज यह देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद पर आधारित है। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में जनसंघ की स्थापना, आपातकाल के दौरान कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बाद में भाजपा के गठन तक के इतिहास को विस्तार से रखा। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के सिद्धांतों और उनके नेतृत्व में लागू योजनाओं का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन जिला उपाध्यक्ष गौरव ऊमर ने किया। इस दौरान सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

